आदित्यपुर स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से यात्री की मौत, साउथ की ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में हुआ दर्दनाक हादसा

जमशेदपुर/आदित्यपुर: आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, यात्री आसनसोल से टाटा-छपरा ट्रेन में सवार हुआ था। आदित्यपुर स्टेशन पहुंचने पर वह दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर साउथ की ओर जाने वाली ट्रेन खड़ी थी। दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी और टाटा-छपरा ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्री अपना संतुलन खो बैठा।
मृतक के साथ मौजूद साथी ने बताया कि ट्रेन में काफी भीड़ थी। इसी दौरान उतरते समय यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने रेल पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




