Jamshedpur : मानगो नगर निगम बोर्ड की बैठक नहीं होने पर सरयू राय ने उठाए सवाल, शीघ्र बैठक बुलाने की मांग
तीन माह से अधिक समय से नहीं हुई बोर्ड बैठक, नियमों की अनदेखी का लगाया आरोप

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपर नगर आयुक्त को पत्र भेजकर निगम बोर्ड की बैठक शीघ्र आयोजित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि मानगो नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक 16 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी, जिसकी सूचना उन्हें बोर्ड के पदेन सदस्य के रूप में दी गई थी। लेकिन इसके बाद तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद दूसरी बैठक नहीं बुलाई गई है। सरयू राय ने कहा कि यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि इससे निगम के महत्वपूर्ण निर्णय भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से नियमानुसार बैठक आयोजित करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को मिली नई गति, एलईडी जागरूकता रथ को उपायुक्त ने किया रवाना
पहली बैठक की कार्यवाही की प्रति भी नहीं मिली, जनहित के मुद्दों पर जताई चिंता
सरयू राय ने अपने पत्र में यह भी कहा कि नगरपालिका अधिनियम के अनुसार निगम बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह कम-से-कम एक बार आयोजित किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद लगातार बैठक नहीं होना नियमों की अवहेलना है। उन्होंने यह भी बताया कि 16 अप्रैल को हुई पहली बोर्ड बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) की प्रति अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है, जबकि वे बोर्ड के पदेन सदस्य हैं और उन्हें इसकी जानकारी मिलनी चाहिए। विधायक ने अपर नगर आयुक्त से आग्रह किया है कि पिछली बैठक की कार्यवाही की प्रति जल्द उपलब्ध कराई जाए तथा अगली बोर्ड बैठक तत्काल बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि जनहित और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबित हैं, जिन पर चर्चा और निर्णय के लिए बोर्ड बैठक आवश्यक है। समय पर बैठक नहीं होने से विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हो सकती है।




