
चाईबासा: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला झामुमो ने पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग उठाई।

जिला झामुमो अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उनकी लोकतांत्रिक मांगों को बल प्रयोग से दबाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कर छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से नीट-2026 एवं सीबीएसई की मार्किंग व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और आंदोलनरत छात्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, बिश्वनाथ बाड़ा, मन्नाराम कुदादा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।




