Jamshedpur : हल्की बारिश में जलमग्न हुई ईस्ट प्लांट बस्ती, कुलवंत सिंह बंटी ने लिया हालात का जायजा
नाले का पानी घरों में घुसने से लोगों को हुई परेशानी, त्वरित समाधान की उठाई मांग

जमशेदपुर : शहर में हुई हल्की बारिश के बाद ईस्ट प्लांट बस्ती में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई। बस्ती के बीचो-बीच स्थित नाले का पानी आसपास के घरों में घुस जाने से कई परिवारों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों के घरों में रखे सामान प्रभावित हुए और दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एसआईआर फॉर्म भरकर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुरक्षित करें : सरदार शैलेंद्र सिंह
टाटा स्टील यूआईएसएल से की बात, स्थायी समाधान की मांग
निरीक्षण के बाद कुलवंत सिंह बंटी ने टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (यूआईएसएल) के महाप्रबंधक आर.के. सिंह से दूरभाष पर बातचीत कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने जलभराव की स्थिति को गंभीर बताते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की। महाप्रबंधक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तकनीकी टीम को मौके पर भेजने तथा शीघ्र जलनिकासी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि बरसात के शुरुआती दौर में ही इस प्रकार की स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित एजेंसी से नालों की नियमित सफाई, जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।




