Jamshedpur : परसुडीह से नरकंकाल बरामद, फैली सनसनी, फॉरेंसिक जांच की तैयारी में जुटी में पुलिस

जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा शांतिनगर में सोमवार की सुबह पुलिस ने एक नरकंकाल बरामद किया। नककंकाल मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कौतुहल बस घठनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण शांतिनगर स्थित नाले के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मिट्टी में दबी संदिग्ध हड्डियों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्हें मानव कंकाल होने की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नरकंकाल को सावधानीपूर्वक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इस मामले को लेकर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नरकंकाल बरामद किया। प्रथम दृष्टया शव पूरी तरह से सड़-गल चुका है और केवल हड्डियां ही बची हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी महिला का है या पुरुष का। यह भी पता नहीं चल सका है कि मौत कब हुई और कंकाल कितने समय पुराना है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है ताकि नरकंकाल की पहचान की जा सके। परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि नर कंकाल की पहचान सुनिश्चित नहीं होने पर इसकी फॉरेंसिक जांच करायी जाएगी. उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर नर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




