
चाईबासा : चाईबासा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले की 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-195 की बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) अनीता देवी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने मतदान केंद्र के सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया है। इसके साथ ही वह जिले की पहली बीएलओ बन गई हैं, जिन्होंने अपने बूथ क्षेत्र में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल किया है। उनके उत्कृष्ट कार्य के कारण उनका नाम राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ की सूची में भी शामिल किया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रियता और कार्यकुशलता की व्यापक सराहना की जा रही है। यह उपलब्धि न केवल उनके समर्पण को दर्शाती है, बल्कि जिले के अन्य बीएलओ के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : महिला कॉलेज चाईबासा में विश्व जनसंख्या दिवस पर विशेष व्याख्यान आयोजित
उपायुक्त ने अनीता देवी की सराहना कर बताया प्रेरणादायक उदाहरण
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने अनीता देवी को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल और पारदर्शी बनाने में बूथ लेवल पदाधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी ने निष्ठा, समर्पण और समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देते हुए अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। उपायुक्त ने चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। आयोग द्वारा 12 जुलाई तक गणना प्रपत्रों के वितरण और 20 जुलाई 2026 तक 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : टाटा कॉलेज में एनएसयूआई का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प
शीर्ष प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर होंगे सम्मानित
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं बीएलओ को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि जिले में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले शीर्ष 10 बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने बताया कि निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्हें बरसाती, छाता और अन्य जरूरी सामग्री भी दी गई है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा सभी कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। साथ ही सभी पात्र मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने की अपील भी की गई है।




