Muri : राहे में किसान सभा और माकपा ने मनाया शहीद बिरसा उलगुलान दिवस
जल, जंगल, जमीन और सीएनटी-एसपीटी एक्ट की रक्षा का लिया संकल्प, बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान

- किसान सभा ने उठाए महंगाई और निजीकरण के मुद्दे
राहे (नुरू) : झारखंड राज्य किसान सभा एवं माकपा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राहे (नुरू), सोनाहातु, बुंडू सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शहीद बिरसा मुंडा शहादत दिवस को बिरसा उलगुलान दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा और सीएनटी-एसपीटी एक्ट की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बिरसा के बताए रास्ते पर चलकर ही लूट, घोटाला और भ्रष्टाचार का अंत किया जा सकता है तथा समाज में समता, भाईचारा और न्याय की स्थापना संभव है। उन्होंने लोगों से बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में डबल मर्डर से सनसनी, शक और अविश्वास ने उजाड़ दिए दो परिवार
बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का लिया गया संकल्प
अपने संबोधन में सुफल महतो ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और किसानों की समस्याओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है। साथ ही पेट्रोलियम, गैस और उर्वरक की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। कार्यक्रम में झारखंड राज्य किसान कौंसिल सदस्य जयपाल सिंह मुंडा, बिसमबर महतो, उमेश महतो, श्रवण मुंडा, शंकर मुंडा, राजू मुंडा, बुद्धदेव मुंडा, संजय मुंडा, मनसा मुंडा, महाबीर मुंडा, महावीर कुम्हार, राशमनी कुमारी, किरण कुमारी, सहचरी कुमारी, करमी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रवण मुंडा ने की।




