अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर चाईबासा में क्रॉस कंट्री रेस, 96 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

चाईबासा : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ एवं झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम परिसर में क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 96 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 66 पुरुष और 30 महिला प्रतिभागी शामिल थे।

लगभग 8 किलोमीटर लंबी दौड़ में पुरुष वर्ग के मांगु ईचागुटू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भीमो चन्दन दूसरे, बिंदराय पुरती तीसरे, सेलाय सुण्डी चौथे तथा मथियस सुण्डी पांचवें स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रतिका महतो ने पहला स्थान हासिल किया। पिंकी देवगम दूसरे, शीला बानरा तीसरे, सोनामुनी लागुरी चौथे और प्रीति तियु पांचवें स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, जिला खेल पदाधिकारी मरकस हेम्ब्रम, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश तथा महासचिव अजय कुमार नायक ने नगद राशि, ट्रॉफी, टी-शर्ट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में तकनीकी पदाधिकारी कश्मीर कान्डेयांग, अर्जुन महाकुड़, दीपक पासवान, राजू बिरूवा, संजीव कुमार बाहंदा, नरेन्द्र बारी, मानकी कुदादा, बैगो पुरती, गुरूचरण कुदादा, संगीता पाट पिंगुवा, शुभदिया बानरा एवं मुकुंद बानरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला ओलंपिक संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। 25 जून को चक्रधरपुर में बॉक्सिंग प्रतियोगिता, 26 जून को चाईबासा में कराटे प्रतियोगिता तथा 27 जून को चक्रधरपुर में जिम्नास्टिक एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित होगी। 27 जून को ताइक्वांडो प्रतियोगिता स्थल पर ही समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।




