मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव पर वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह

चाईबासा: स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा के 145वें जन्मोत्सव के अवसर पर मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में वार्षिकोत्सव-सह-संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार विशिष्ट अतिथि तथा रूंगटा परिवार के वरिष्ठ सदस्य मुकुंद रूंगटा मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने विद्यालय परिसर स्थित स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद खेलकूद महोत्सव की मशाल प्रज्वलित कर विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि भी दी गई। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान रस्साकशी, तीरंदाजी, बाल पासिंग, हॉट पोटेटो, गुब्बारा फोड़ और विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों के साथ अतिथियों और शिक्षकों ने भी कुछ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थापक स्वर्गीय मांगीलाल रूंगटा की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण के कारण यह संस्थान विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है। पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और एनसीसी जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं।
प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष लगाए और उसकी देखभाल करे : मनीष कुमार
उपायुक्त मनीष कुमार ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक वृक्ष लगाए और उसकी सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधे को संरक्षित कर वृक्ष के रूप में विकसित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का दूत बनने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से जिले के हरित क्षेत्र को बढ़ाया जा सकता है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
समारोह के दौरान विद्यालय की पत्रिका ‘यूथिका-2026’ का लोकार्पण किया गया। वहीं राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।




