कोल्हान

सावन की अंतिम सोमवारी पर गुवा के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गुवा संवाददाता। सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर गुवा के तीनों प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार तड़के करीब चार बजे से ही गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट के समीप शिवालय, गुवा रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय और योग नगर स्थित शिवालय में भक्त जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध होकर पहुंचने लगे।

श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसरों में लगातार गूंज रहे ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गुवा प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। तीनों शिवालयों में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं, योग नगर स्थित शिवालय में मंदिर कमेटी की ओर से दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सावन की अंतिम सोमवारी पर पूरे दिन तीनों शिवालयों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल से गुवा पूरी तरह शिवमय नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!