CKPकोल्हान

रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में चोरी के विरोध में व्यापारियों का कैंडल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

चक्रधरपुर:प्रकाश गुप्ता: रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई बड़ी चोरी के विरोध में सोमवार को चक्रधरपुर के व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया। पवन चौक से शुरू हुए कैंडल मार्च के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन से शहर में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी गया सामान जल्द बरामद करने की मांग की।

कैंडल मार्च में भाजपा जिला अध्यक्ष चक्रधरपुर सह पूर्व विधायक गुरु चरण नायक और पूर्व विधायक शशि भूषण सामड भी शामिल हुए। व्यापारियों ने चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

व्यापारियों के अनुसार, पिछले दिनों रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। चोर दुकान से करीब 44 लाख 64 हजार रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस वार्ता कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी थी।

हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद चोरी गया सामान अब तक पूरी तरह बरामद नहीं हुआ है। इसे लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना से शहर के अन्य व्यवसायियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कैंडल मार्च के माध्यम से व्यापारियों ने प्रशासन और सरकार से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स से चोरी हुए सामान की जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि व्यवसायी शहर की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!