मनोहरपुर-आनंदपुर में धूमधाम से मना विश्व आदिवासी दिवस, संस्कृति और अस्मिता संरक्षण का लिया संकल्प

मनोहरपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार, 9 अगस्त को मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आनंदपुर के समीज मुक्ति पत्थर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों की धुन और लोकनृत्य के साथ हुई। महिला, पुरुष और युवाओं ने पारंपरिक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आदिवासी समाज की पहचान, गौरवशाली इतिहास, भाषा, कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस समाज को अपनी जड़ों से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आदिवासी पहचान, भाषा, रीति-रिवाज, कला और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रखने तथा इसके संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति और परंपरा के प्रति उत्साह देखने को मिला।




