तीन प्लेट गुरुद्वारा में धूमधाम से मनाया गया श्री गुरु हरकिशन साहिब जी का प्रकाश उत्सव

जमशेदपुर, 7 अगस्त। तीन प्लेट गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु हरकिशन साहिब जी का प्रकाश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ बड़े पैमाने पर मनाया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में सिख स्त्री सत्संग सभा, नौजवान सभा एवं समूह साध संगत ने सक्रिय सहयोग किया।

समारोह के दौरान भाई निर्मल सिंह के कीर्तनी जत्थे ने गुरबाणी और शब्द गायन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
इस अवसर पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने सभी को श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश उत्सव की बधाई दी। उन्होंने तीन प्लेट गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की।
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के जीवन एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए तीन प्लेट की समूह साध संगत का समय-समय पर सहयोग देने के लिए आभार जताया।
सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने समाजहित में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने तीन प्लेट गुरुद्वारा कमेटी, सिख स्त्री सत्संग सभा और नौजवान सभा के योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम में सीजीपीसी के चेयरमैन गुरमीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, प्रधान परमजीत सिंह रोशन, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सलाहकार परविंदर सिंह सोहल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, सुखदेव सिंह बिट्टू, सरबजीत सिंह ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं संगत मौजूद रही।
तीन प्लेट गुरुद्वारा कमेटी की ओर से चेयरमैन जसवीर सिंह जस्सी, कार्यकारी प्रधान बलवंत सिंह शेरों, जसपाल सिंह, मनजीत सिंह खालसा, सिकंदर सिंह फूलके, ज्ञानी कुलदीप सिंह, कुलवंत सिंह रंगरेटा, बलकार सिंह, दलजीत सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान मनजीत कौर, गुरप्रीत कौर, रज्जी कौर, सर्बजीत कौर सहित कई सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक प्रधान गुरचरण सिंह बिल्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनजीत सिंह खालसा ने दिया। इस दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारियों ने तीन प्लेट गुरुद्वारा साहिब की निर्माणाधीन नई इमारत का अवलोकन किया और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं समूह साध संगत को शुभकामनाएं दीं।




