Jamshedpurकोल्हान

युवा शक्ति ही झारखंड के भविष्य की दिशा तय करेगी : सुदेश कुमार महतो

जमशेदपुर, 7 अगस्त 2026: युवा आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन शुक्रवार को टाउन हॉल, सिदगोड़ा, जमशेदपुर में उत्साहपूर्ण एवं ऊर्जावान वातावरण में शुरू हुआ। अधिवेशन के प्रथम दिन राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ झारखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो), पूर्व मंत्री एवं केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस तथा गोमिया के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो मौजूद रहे।

अपने संबोधन में सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में झारखंड को नई दिशा देने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। युवाओं को जनहित के मुद्दों पर सजग, संगठित और संघर्षशील बनकर राज्य के विकास तथा बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं के हाथों में नेतृत्व देखना चाहती है। जब तक युवा आगे बढ़कर नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, तब तक प्रदेश की दशा और दिशा में अपेक्षित बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व विरासत से नहीं, बल्कि संघर्ष से बनता है।

सुदेश महतो ने कहा कि यह अधिवेशन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने वाला वैचारिक मंच है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, नीति निर्माण और सामाजिक परिवर्तन के केंद्र में लाना है।

अधिवेशन में युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार और संगठन के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

कार्यक्रम को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक टिकैत महतो, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, रविन्द्र ठाकुर, उज्जवल महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक मंटू शुक्ला और सुश्री राधिका साहू सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव हरीश कुमार ने किया। मौके पर केंद्रीय महासचिव उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा समेत बड़ी संख्या में युवा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!