Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

दो दिवसीय सावन मेले का शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

चाईबासा: चाईबासा के खिरवाल धर्मशाला स्थित बैंक्वेट हॉल में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की ओर से आयोजित दो दिवसीय सावन मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, शहरवासी और सम्मेलन की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि नितिन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिला शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बेरोजगार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और अपने परिवार के साथ समाज के विकास में भी योगदान दें।

उन्होंने स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से नगर परिषद का सहयोग करते हुए स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

सम्मेलन की शाखा अध्यक्ष संगीता मुंधड़ा ने स्वागत भाषण में बताया कि सावन मेले का उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ एक ही स्थान पर खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराना है। मेले में हस्तशिल्प उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, पूजा-पाठ एवं त्योहारों से संबंधित सामग्री, महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न उत्पादों के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं।

इस अवसर पर संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कई आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में लोगों ने मेले का आनंद लिया और आयोजन को सफल बनाने में सम्मेलन की सदस्याओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!