मनोहरपुर-आनंदपुर मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक-स्कूटी की टक्कर में दो गंभीर, तीन छात्र घायल

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर-आनंदपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार देर शाम लक्ष्मीपुर गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कूटी पर सवार तीन युवक भी घायल हुए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजू सिंह को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार आनंदपुर थाना क्षेत्र के बेड़तुलुंडा निवासी 40 वर्षीय राजू सिंह बाइक संख्या JH 06 T 3771 से मनोहरपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से मनोहरपुर थाना क्षेत्र के तुमसाई निवासी 17 वर्षीय आईटीआई छात्र रविन्द्र सिंह, चक्रधरपुर के पम्पूसाई टोकाटोली निवासी 18 वर्षीय कुंवर सिंह और 19 वर्षीय अमित टूटी स्कूटी संख्या JH 06 T 3164 से रायकेरा स्थित आईटीआई सेंटर से तुमसाई जा रहे थे।
लक्ष्मीपुर गांव के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजू सिंह को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जबकि स्कूटी सवार तीनों युवकों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक व स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




