Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

तालाब के नाले में मिले पति-पत्नी के शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह सरकारी तालाब के नाले से दोनों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु (44) और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु (42) के रूप में हुई है। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के भाई गोमिया सिंकु के अनुसार, घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जबकि इसका खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब ग्रामीण शौच के लिए सरकारी तालाब के पास पहुंचे। वहां तालाब के नाले में लगभग 20 फीट की दूरी पर दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी, जिन्होंने तत्काल कुमारडुंगी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण इंस्पेक्टर एवं जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने किया। इस दौरान थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है। हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के साथ-साथ वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद गांडकीदा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!