Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

सांप के डसने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत, समय पर इलाज और जागरूकता की अपील

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के सुदूर अबुरु गांव में सांप के डसने से 11 वर्षीय लेंबो लोहार की मौत हो गई। सोमवार को सदर थाना पुलिस ने चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है। उस समय लेंबो लोहार अपने घर में सो रही थी। आशंका है कि सोने के दौरान उसे किसी विषैले सांप ने डस लिया। सुबह बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।

चिकित्सक ने लक्षणों के आधार पर सांप के काटने की आशंका जताते हुए बच्ची को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि जंगल से घिरे इस क्षेत्र में बरसात के मौसम में सांप-बिच्छुओं का निकलना आम बात है। उन्होंने ग्रामीणों से रात में मच्छरदानी का उपयोग करने, घर में टॉर्च रखने और अंधेरे में बाहर निकलते समय पर्याप्त रोशनी का इस्तेमाल करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

घटना के बाद अबुरु गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!