Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चाईबासा में विशाल पदयात्रा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा पांच सूत्री ज्ञापन

चाईबासा: देश की शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर सोमवार को गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठन झारखंड पुनरुथान अभियान स्टूडेंट्स विंग के नेतृत्व में टाटा कॉलेज, चाईबासा से कोल्हान प्रमंडल आयुक्त कार्यालय तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न छात्र एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आयुक्त की अनुपस्थिति में राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन आयुक्त के सचिव को सौंपा गया।

पदयात्रा में एनएसयूआई, झारखंड छात्र मोर्चा, AIDSO, टाटा कॉलेज एल्युमिनी एसोसिएशन, यूथ इंटक, यूथ कांग्रेस, सेवादल, एससी कांग्रेस, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, देशाउली फाउंडेशन, ईचा-खड़कई बांध विरोधी संघ, कोल्हान आदिवासी एकता मंच, कोल्हान आदिवासी युवा शक्ति, नामा सागेन महिला समिति, कोल्हान छात्र संघर्ष समन्वय समिति, वेस्ट सिंहभूम किक बॉक्सिंग एसोसिएशन, खूंटकट्टी रैयत रक्षा समिति, आंबेडकर जयंती आयोजन समिति, झारखंड आदिवासी युवा संगठन, कोल्हान सर्विसेस तथा झारखंड बचाओ जन संघर्ष मोर्चा सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

ज्ञापन में शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने तथा विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा उठाई जा रही इस्तीफे की मांग का समर्थन किया गया। साथ ही नीट-यूजी पेपर लीक जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की आवश्यकता बताई गई।

ज्ञापन में पर्यावरणविद एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक द्वारा स्थापित SECMOL की तर्ज पर झारखंड की परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक एवं सामुदायिक शिक्षा मॉडल लागू करने, शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति में आवश्यक सुधार के लिए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत टाटा कॉलेज एल्युमिनी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार पूरती ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की। पदयात्रा का नेतृत्व झारखंड पुनरुथान अभियान स्टूडेंट्स विंग के मेंटर बासिल हेंब्रम, केंद्रीय अध्यक्ष अरिल सिंकू और जिला अध्यक्ष समीर हेंब्रम ने किया।

इस अवसर पर झारखंड पुनरुथान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु, केंद्रीय महासचिव अमृत मांझी, जिला अध्यक्ष नारायण सिंह पुरती सहित विभिन्न छात्र एवं सामाजिक संगठनों के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!