हिलटॉप स्कूल में स्वावलंबी भारत अभियान का आयोजन, विद्यार्थियों को उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का संदेश

जमशेदपुर। टेल्को कॉलोनी स्थित हिलटॉप स्कूल में 24 सितंबर 2026 को स्वदेशी जागरण मंच की ओर से “स्वावलंबी भारत अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वावलंबन, उद्यमिता, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय पर्यावरण सह प्रमुख बंदे शंकर एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें भविष्य में अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग कर रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंदे शंकर ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी शिक्षा के साथ-साथ कौशल, रचनात्मक सोच और नवाचार पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
वहीं मनोज सिंह ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाला बनने का भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की उम्र के युवाओं द्वारा उद्यमिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के उदाहरण प्रस्तुत किए। इस दौरान सभागार में मौजूद विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ वक्ताओं के विचार सुने तथा अपनी अभिव्यक्ति भी साझा की।
दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों को “Learning with Earning” का संदेश देते हुए शिक्षा के साथ कौशल और व्यावहारिक अनुभव के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि स्वावलंबी भारत अभियान का व्यापक उद्देश्य रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना और गरीबी मुक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में योगदान करना है।
कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख पंकज कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में हिलटॉप स्कूल की प्रिंसिपल उमा तिवारी, अध्यापिका जसविंदर कौर, स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित कुमार मिश्रा, नगर संयोजक राजपती देवी, जिला महिला प्रमुख सरोज श्रीवास्तव, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख संगीता श्रीवास्तव, विचार विभाग सह प्रमुख किरनजीत कौर, मुकेश ठाकुर, मनोज सखूजा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और कौशल आधारित भविष्य को लेकर जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया।




