*सेवा पखवाड़ा में भाजपा युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर, 29 यूनिट रक्त संग्रह*

चाईबासा: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष और जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में गुरुवार को सदर अस्पताल, चाईबासा के एम टी सी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 29 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य संयोजक पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ मीना कालुंडिया, उपाध्यक्ष डॉक्टर शिवचरण हसदा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम प्रमुख पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत पार्टी और युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रक्तदान शिविर लगाया गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मदद करता है। इसलिए युवाओं और समाज के अन्य लोगों को भी स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। मौके पर उन्होंने बताया कि आए दिन उन्हें खबर मिलती रहती है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से चाईबासा ब्लड बैंक आते हैं और समय पर उन्हें रक्त उपलब्ध नहीं होता है, तो काफी असुविधा होती है। अंततः उक्त रोगियों के लिए जमशेदपुर जाना पड़ता है उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल का ब्लड बैंक बहुत पुराना ब्लड बैंक है, वर्तमान ब्लड बैंक सक्रिय नहीं है, 18 वर्ष के बाद ब्लड बैंक को उसका लाइसेंस मिला, लेकिन इसके बावजूद भी ब्लड बैंक सक्रिय नहीं होने के कारण समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, क्योंकि सारा जांच जमशेदपुर के एमजीएम में हो रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील किया है कि जल्द से जल्द चाईबासा ब्लड बैंक को पहले की तरह पुनः सुचारू किया जाए, ताकि समय पर रक्त मिले और मरीजों की जान बचाई जा सके। उन्होंने रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सेवा कार्यों में लोगों की भागीदारी से समाज में सहयोग और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा तथा पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी रक्तदान शिविर में शामिल हुए। दोनों ने काफी देर तक रक्तदाताओं के बीच रहकर उनका उत्साह बढ़ाया और रक्तदान करने वालों के सेवाभाव की सराहना की। मौके पर कोड दंपति ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष के साथ उनके जन्मदिन पर इस तरह का आयोजन किया जा रहा है क्योंकि मानव सेवा से बड़ा कोई सेवा नहीं होती है उन्होंने बताया कि भाजपा देश और इंसानियत के लिए समर्पित पार्टी है। शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा फल एवं अन्य पौष्टिक आहार का वितरण किया गया तथा उपहार देकर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन तीऊ ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष राम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सदर अस्पताल के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में जे.बी. तुबिद, जवाहरलाल बांद्रा, संजय पांडे (पूर्व जिला अध्यक्ष), सतीश पुरी, रमेश खिरवाल, हेमंत केसरी, रंजन प्रसाद, सन्नी पासवान, कामेश्वर विश्वकर्मा, अनूप प्रसाद, प्रताप कटियार महतो, रूपा सिंह दास, मृदुला निषाद, हेमावंती विश्वकर्मा, राकेश पोद्दार, बिरजू रजक, पप्पू महतो, अशोक विजयवर्गीय, अजय देवगम, अनिल दास, पीतांबर राउत, योगेश्वर सवैया, दिलीप साहू, रोहित दास, शिवचरण हांसदा, गुलशन सुंडी एवं शिबू दत्ता सहित अन्य कार्यकर्ता और रक्तदाता मौजूद रहे।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन तीऊ ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान समाजहित और जनसेवा से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना है।




