Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ पर एक माह का सेवा शिविर लगाएगा ओम कांवरिया सेवा संघ, 16 वर्षों से जारी है शिवभक्तों की सेवा

जमशेदपुर: सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ एक बार फिर देवघर कांवरिया पथ पर अपना वार्षिक सेवा शिविर लगाने जा रहा है। संस्था की ओर से 29 जुलाई से 27 अगस्त तक देवघर कांवरिया पथ के सुइयां पहाड़ स्थित घुटिया में एक माह का विशाल सेवा शिविर संचालित किया जाएगा। इसकी जानकारी संस्था के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने बिरसानगर स्थित अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

पप्पू सिंह ने बताया कि शिविर का शुभारंभ 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन के लिए संस्था की ओर से 32 स्वयंसेवकों (वोलेंटियर) की टीम सोमवार को देवघर के लिए रवाना हो चुकी है। इसके अलावा झारखंड सहित विभिन्न शहरों से भी करीब एक दर्जन स्वयंसेवक शिविर में पहुंचकर सेवा कार्यों में अपनी भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि ओम कांवरिया सेवा संघ पिछले 16 वर्षों से लगातार सावन माह में शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करता आ रहा है। हर वर्ष हजारों कांवरिये इस शिविर का लाभ उठाते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि लंबी पैदल यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर में शिवभक्तों के लिए स्नान, शौचालय, भोजन, नाश्ता, रात्रि विश्राम, गर्म पानी, मोबाइल चार्जिंग सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रद्धालुओं की थकान दूर करने के लिए फुट, हेड एवं बॉडी मसाज मशीनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक सुबह एवं शाम पूजा और आरती का आयोजन होगा।

भोजन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना, खीर सहित अन्य प्रसाद एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था का उद्देश्य है कि देवघर जाने वाले कांवरियों को सेवा, सुविधा और आध्यात्मिक वातावरण एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

संस्था के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है और इसी भावना के साथ प्रत्येक वर्ष यह शिविर लगाया जाता है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह तथा एम.वी. राव भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!