4 अगस्त को चाईबासा बाईपास चौक पर होगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, झामुमो ने तैयारियों की समीक्षा

चाईबासा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिम सिंहभूम जिला समिति की विशेष बैठक सोमवार को डोबरोसाई स्थित सनसाईन रेस्टोरेंट के सभागार में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 4 अगस्त 2026 को पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर चाईबासा-टाटा बाईपास चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि बाईपास चौक पर प्रतिमा स्थापित करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है और अनावरण समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी ऊरांव, पार्टी के केंद्रीय सदस्य, जिला समिति के पदाधिकारी, विभिन्न वर्ग संगठनों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा सभी प्रखंड और नगर इकाइयों के अध्यक्ष-सचिव उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मझगांव में हाल ही में स्कूली बच्चों एवं अन्य लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद उत्पन्न स्थिति पर भी चर्चा हुई। झामुमो नेताओं ने इस मामले में जिला प्रशासन से मुलाकात करने का निर्णय लिया। बैठक के बाद जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर उपायुक्त से मिला और अपनी बात रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जिले में सामाजिक समरसता और भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि किसी भी अवसरवादी तत्व को ऐसी घटनाओं का लाभ उठाकर जिले का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। झामुमो नेताओं ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष, कानूनसम्मत और बिना किसी दबाव के कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की।
प्रतिनिधिमंडल में राहुल आदित्य, दीपक कुमार प्रधान, दिनेश चन्द्र महतो, प्रेम मुण्डरी, लखन बोदरा, शंकर निषाद, मानाराम कुदादा, मनोज लागुरी, निसार हुसैन डोगर, मो. मोजाहिद, दिलबर हुसैन, मो. शाहिद, अनुज पुरती सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




