
चाईबासा : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर ली गई है। जिला प्रशासन की पहल और लगातार समन्वय के प्रयासों के बाद सभी श्रमिक अपने गृह जिले लौट रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी श्रमिक रेल मार्ग से पहले राउरकेला पहुंचेंगे, जहां से वे अगले दिन सुबह ट्रेन के माध्यम से चक्रधरपुर आएंगे। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन लगातार संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के संपर्क में रहा तथा श्रमिकों की सुरक्षा और वापसी को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए। प्रशासन के इस प्रयास से श्रमिकों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू-मेघाहातुबुरु में हाथियों की बढ़ी हलचल, खदानों और रिहायशी इलाकों में दहशत
चक्रधरपुर स्टेशन पर स्वागत, गांव तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर श्रमिकों के स्वागत और सुरक्षित आवागमन की व्यापक तैयारी की है। स्टेशन पहुंचने के बाद सभी श्रमिकों को प्रशासन की निगरानी में उनके संबंधित गांवों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रमिक को यात्रा में कठिनाई न हो। उल्लेखनीय है कि तिरुवल्लूर में हुई अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद वहां कार्यरत पश्चिमी सिंहभूम के कई श्रमिक प्रभावित हुए थे। उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई थी। अब सभी श्रमिकों के सकुशल लौटने की खबर से परिवारों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की तत्परता की सराहना की है।




