गुवा में कबाड़ी व्यवसायी की हत्या, पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंका गया शव

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में कबाड़ी व्यवसायी कुर्मान शेख (39) की हत्या कर शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह नदी से शव बरामद होने के बाद गुवा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा ले गए।

मृतक के बड़े भाई (मामा के बेटे) मुफुजुल शेख ने बताया कि कुर्मान शेख पिछले करीब 20 वर्षों से गुवा में रहकर कबाड़ खरीदने-बेचने का व्यवसाय करता था। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, कुर्मान शेख गुवा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदता था। वह गुवा थाना क्षेत्र के हिरजीहाटिंग में किराए के मकान में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अल्ताफ शेख शनिवार दोपहर जनशताब्दी ट्रेन से मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हो गया था, जबकि कुर्मान शेख को शनिवार रात करीब आठ बजे तक इलाके में देखा गया था।
रविवार सुबह कारो नदी से उसका शव बरामद हुआ। शव को एक बड़े पत्थर से बांधकर नदी में डुबो दिया गया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु या पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद हिरजीहाटिंग और गुवा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।




