मंझारी में 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहर खाने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बुनुमलता गांव में 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान दशमा दोहरा (22-23 वर्ष), पति छोटा दोहरा के रूप में हुई है। सोमवार को चाईबासा सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतका के पति छोटा दोहरा एवं जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल ने बताया कि रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने भोजन किया और सो गए। सोमवार सुबह छोटा दोहरा घर के पास ही मजदूरी करने चला गया। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे दशमा दोहरा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजनों के अनुसार, जहर खाने के बाद दशमा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना छोटा दोहरा को दी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी की हालत गंभीर थी। शुरुआत में उसे लगा कि पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही है, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर गांव के मुंडा ने मंझारी थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि प्रथम दृष्टया परिजनों के अनुसार जहर खाने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, दशमा दोहरा का एक तीन वर्षीय पुत्र है। वह आठ माह की गर्भवती थी। इस घटना के बाद पूरे बुनुमलता गांव में शोक का माहौल है।




