: संत जेवियर्स बालक विद्यालय के पास आधा गिरा पेड़ बना हादसे का खतरा, हटाने की उठी मांग

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित संत जेवियर्स बालक विद्यालय के समीप आंधी-तूफान में आधा गिरा एक विशालकाय पेड़ अब लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। कई दिन बीत जाने के बावजूद जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से पेड़ को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने जिला प्रशासन और वन विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि पेड़ बेहद जर्जर स्थिति में है और कभी भी पूरी तरह गिर सकता है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन संत जेवियर्स बालक विद्यालय के छोटे-छोटे छात्र-छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं। साथ ही आसपास के ग्रामीण और शहरवासी भी बाजार आने-जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते पेड़ को सुरक्षित तरीके से नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों, रेंज ऑफिसर और जिला प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर पेड़ हटाने की मांग की।
सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि बरसात के मौसम में तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ के गिरने का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
स्थानीय लोगों ने भी जनहित और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द पेड़ हटाने की मांग की है, ताकि इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।




