Manoharpur : सेल के साथ त्रिपक्षीय वार्ता विफल, 200 लोगों को रोजगार देने की मांग पर अड़े ग्रामीण, दुबिल माइंस का संचालन किया ठप्प

मनोहरपुर : जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु की उपस्थिति में शुक्रवार को मनोहरपुर साइडिंग स्थित सेल गेस्ट हाउस में सेल प्रबंधन, सेल अधिकृत ठेका कंपनी और स्थानीय ग्रामीणों के बीच रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता हुई। करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में सेल प्रबंधन और ठेका कंपनी द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। ग्रामीण 200 स्थानीय लोगों को तत्काल रोजगार देने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते वार्ता विफल हो गई। इसके साथ ही चिड़िया स्थित दुबिल आयरन ओर माइंस का संचालन दोबारा शुरू होने की उम्मीदों को भी फिलहाल झटका लगा।
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि पहले चरण में आंदोलनरत बेरोजगार युवाओं में से 10 से 15 युवकों को नई ठेका कंपनी के माध्यम से तत्काल रोजगार दिया जाएगा। वहीं, शेष स्थानीय बेरोजगार युवाओं को आगामी तीन माह के भीतर कार्य की उपलब्धता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से रोजगार देने का सेल प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया। इसके अलावा सेल प्रबंधन ने अतिरिक्त 15 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अपने उच्च प्रबंधन को पत्र भेजने की बात भी कही। हालांकि ग्रामीणों ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया और 200 लोगों को रोजगार देने की मांग पर कायम रहे।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय ग्रामीण रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से चिड़िया स्थित दुबिल आयरन ओर माइंस के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के कारण माइंस का संचालन पूरी तरह प्रभावित है, जिससे सेल प्रबंधन और अधिकृत ठेका कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बैठक में एसडीएम जगन्नाथपुर अरुण उरांव, चिड़िया सेल के सीजीएम सी.बी. कुमार, खान प्रबंधक रवि रंजन, डीजीएम (माइनिंग) एस.एस. राव, डीजीएम (माइनिंग) आर.के. पत्री, सेल अधिकृत ठेका कंपनी एन.के. मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि हरदेव सिंह गोल्डी, तनवीर सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप तथा आंदोलनरत ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Gua : बारिश से बड़ाजामदा में जलजमाव, स्कूली बच्चों व राहगीरों की बढ़ी परेशानी




