Chaibasa : चाईबासा में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने की समीक्षा बैठक, एंटी नक्सल अभियान और अपराध नियंत्रण पर दिए निर्देश

चाईबासा : झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को चाईबासा में कोल्हान प्रमंडल के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नक्सल विरोधी अभियान, अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में रांची मुख्यालय से ऑपरेशन आईजी नरेन्द्र कुमार सिंह, सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के आईजी, एसटीएफ के आईजी अनूप बिरथरे, कोल्हान डीआईजी, जमशेदपुर के एसएसपी, चाईबासा के एसपी अमित रेणु, सरायकेला के एसपी तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को एंटी नक्सल अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण मजबूत करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।
बैठक के बाद चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने बताया कि समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से एंटी नक्सल ऑपरेशन और अपराध नियंत्रण की स्थिति पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सली गतिविधियां पहले की तुलना में काफी सीमित हो गई हैं।
एसपी ने बताया कि सारंडा क्षेत्र में सक्रिय बड़े नक्सली नेता अब छोटे-छोटे समूहों में बंट चुके हैं और उनकी गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और जल्द ही निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
अमित रेणु ने कहा कि जिले में ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 70 पुड़िया गांजा व नकदी बरामद*




