Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

आदिवासी युवती से मारपीट मामले में कार्रवाई, SSP के आदेश पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित

चांडिल/कपाली, 17 जून: कपाली ओपी में पूछताछ के दौरान आदिवासी युवती से कथित मारपीट के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरायकेला-खरसावां के एसएसपी के निर्देश पर कपाली ओपी के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली ने आरोप लगाया था कि लापता युवती तस्कीन खानम के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद कपाली ओपी में उसके साथ बंद कमरे में मारपीट की गई। पीड़िता के आरोप सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच कराई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एसएसपी ने संबंधित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के साथ कानून के दायरे से बाहर जाकर दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, पीड़िता और उसके परिजनों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग की नजर जांच रिपोर्ट पर बनी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!