Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में नवग्रह वाटिका का शिलान्यास, सरयू राय ने लगाया पीपल का पौधा

रथयात्रा और मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस पर हुआ आयोजन, शारदीय नवरात्र तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

  • नवग्रह वाटिका से बढ़ेगा मंदिर का आध्यात्मिक महत्व

जमशेदपुर : भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा और श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर केबुल टाउन स्थित मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका का शिलान्यास किया गया। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पीपल का पौधा लगाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी। उन्होंने बताया कि नवग्रह वाटिका का निर्माण 25 फीट × 25 फीट क्षेत्रफल में किया जाएगा, जहां नौ ग्रहों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्रह से संबंधित वृक्ष लगाए जाएंगे और उनके चबूतरों पर संबंधित ग्रहों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। गुरुवार को देवगुरु बृहस्पति से संबंधित पीपल का पौधा लगाकर इस योजना का शुभारंभ किया गया। अन्य ग्रहों से जुड़े पौधे उनके निर्धारित दिनों में लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटिका में पूजा-अर्चना और परिक्रमा के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रथयात्रा के पावन अवसर पर काशीडीह में दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के भव्य पंडाल का भूमि पूजन संपन्न

महामंडलेश्वर उमाकांतानंद महाराज ने कराया भूमि पूजन

विधायक सरयू राय ने बताया कि 15 जुलाई को महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज मंदिर परिसर पहुंचे थे, जहां उन्होंने नवग्रह वाटिका के लिए स्थान का चयन किया। इस दौरान शंखनाद और नारियल फोड़कर भूमि पूजन संपन्न कराया गया। उन्होंने नवग्रह वाटिका के निर्माण को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष पूजन भी किया गया। मंदिर में गत बुधवार से श्री तुलसीदास रचित रामचरितमानस का अखंड पाठ चल रहा था, जिसका समापन गुरुवार को हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, चटनी और मिक्स वेज परोसा गया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रथ यात्रा पर अधिवक्ताओं ने किया महाभोग वितरण, 2000 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

मंदिर की स्थापना और धार्मिक परंपराओं की दी जानकारी

सरयू राय ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मीनारायण, मां काली, भगवान शिव, श्री गणेश एवं श्री हनुमान जी के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा वर्ष 2024 में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दिन संपन्न हुई थी। उन्होंने कहा कि मंदिर लगातार धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। मुख्य पुजारी विनोद पांडे द्वारा समस्त वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार, विकास सिंह, समरेश सिंह, कुणाल कुमार, राहुल, दुर्गा कुमार और पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवग्रह वाटिका को मंदिर परिसर की एक महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!