Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानक्राइम

कराईकेला में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा, मोबाइल और बाइक बरामद

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि कराईकेला बाजार-हाट मैदान में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बागराय नाग (19 वर्ष), निवासी लोटाबुरु, दलभंगा ओपी (कुचाई थाना), जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक (JH01CG-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर पैसे वसूलने आया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बागराय नाग के खिलाफ पहले से दलभंगा ओपी (कुचाई थाना) में वर्ष 2023 के हत्या के एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201 और 34 के तहत केस दर्ज है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं। छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार तथा कराईकेला थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!