आदित्यपुर : भागते रहे, लेकिन बच नहीं पाए… 5 साल पुराने चर्चित कांड का फरार वारंटी गिरफ्तार, बाइक चोरी मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता…

आदित्यपुर / Balram Panda: अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, एक ओर वर्ष 2021 के चर्चित आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर मोटरसाइकिल चोरी कांड का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में दर्ज आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से जुड़े मामले में मृतक द्वारा छोड़े गए हस्तलिखित सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जब्त साक्ष्यों और अनुसंधान के दौरान जुटाए गए अन्य प्रमाणों के आधार पर कई लोगों की संलिप्तता सामने आई थी, इनमें से एक आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था, तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी-जमालपुर इलाके में छिपे होने की सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
इधर, 28 जून 2026 को दर्ज मोटरसाइकिल चोरी मामले के अनुसंधान में भी आदित्यपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि चोरी की गई मोटरसाइकिल कुछ दिनों तक अपने पास रखने के बाद हरिओम नगर स्थित एक कबाड़ कारोबारी के माध्यम से बेच दी थी.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मोटरसाइकिल को अलग-अलग पुर्जों में काटकर आगे बेच दिया गया, इस खुलासे के बाद संबंधित कबाड़ कारोबारी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
आदित्यपुर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सूचना तंत्र के समन्वय से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया है, पुलिस का कहना है कि फरार वारंटियों, चोरी और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.




