Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानलोकल न्यूज़

Gua : सारंडा घाटी में बड़ा सड़क हादसा टला, बस और पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर

तितलीघाट और झाड़बेड़ा के बीच दुर्घटना, दोनों वाहनों को भारी नुकसान, सभी यात्री सुरक्षित

  • खतरनाक मोड़ पर हुई टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

गुवा : गुवा के किरीबुरू-छोटानागरा मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। छोटानागरा थाना क्षेत्र के तितलीघाट और झाड़बेड़ा गांव के बीच स्थित सारंडा घाटी में एक यात्री बस और मोबिल सहित अन्य तरल पदार्थों से लदी पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक और सवार लोग सुरक्षित बच गए तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसे भी पढ़ें : khuntpani : बिरसा हरित ग्राम योजना से विजय मुंदूइया ने बदली बंजर भूमि की तस्वीर, आम की बागवानी से कमा रहे लाखों रुपये

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही छोटानागरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचा दिया, जबकि समाचार लिखे जाने तक पिकअप वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रहे थे। अचानक आमने-सामने आने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और टक्कर हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने में मदद की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में झारखंडी भाषा-भाषी मूलनिवासी संघ की बैठक संपन्न, सुंदर टुडू बने प्रखंड प्रभारी

सड़क सुरक्षा उपायों की मांग तेज

स्थानीय लोगों का कहना है कि किरीबुरू-छोटानागरा मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से सारंडा घाटी में तितलीघाट से सैडल गेट के बीच का क्षेत्र दुर्घटना संभावित माना जाता है। सड़क संकरी होने और कई अंधे मोड़ों के कारण सामने से आने वाले वाहनों का अनुमान लगाना कठिन हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं और मोड़ों पर हॉर्न का उपयोग भी नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, खतरनाक मोड़ों का चौड़ीकरण कराने और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!