DC कार्यालय के बाहर गरजीं दुखनी सोरेन, स्कॉर्पियो पर चढ़कर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

पोटका विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे लगभग 300 ग्रामीण, माझी बाबा और पारंपरिक ग्राम प्रधान तीर-धनुष के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों की उपेक्षा, जल-जंगल-जमीन पर बढ़ते खतरे और विकास कार्यों में भागीदारी नहीं मिलने के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान दुखनी सोरेन स्कॉर्पियो के ऊपर चढ़ गईं और वहीं से लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उनके संबोधन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया और पूरा क्षेत्र नारों से गूंज उठा।
“यदि हमारी आवाज को दबाने की कोशिश की गई, तो गांव-गांव से लोग सड़क पर उतरेंगे। जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष और तेज होगा।”
दुखनी सोरेन ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो पोटका विधानसभा क्षेत्र में वृहद ग्राम सभा और महापंचायत आयोजित कर आंदोलन की अगली रणनीति बनाई जाएगी।
स्कॉर्पियो के ऊपर खड़े होकर दिए गए दुखनी सोरेन के इस भाषण ने प्रदर्शन को नया जोश दिया। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि 15 दिनों के भीतर इन मांगों पर क्या कार्रवाई होती है।




