कोल्हान

मनोहरपुर लायंस ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को हराकर जीता टी-20 लीग का खिताब* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का खिताब मनोहरपुर लायंस ने अपने नाम कर लिया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मनोहरपुर लायंस ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को सात विकेट से हराया।

टॉस जीतकर मनोहरपुर लायंस के कप्तान ने जगन्नाथपुर टाइगर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जगन्नाथपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज निकेत सिंह ने 59, युवराज कुमार ने नाबाद 42, रौशन कुमार ने 32 और कुलदीप मंडल ने 20 रन बनाए। मनोहरपुर की ओर से सुप्रियो चक्रवर्ती ने 36 रन देकर तीन और सुधांशु पाल ने 22 रन देकर दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस ने 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 186 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। पंकज कुमार ने 23 गेंदों में एक चौका और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। सुप्रियो चक्रवर्ती ने नाबाद 41, कप्तान अनुराग संजय ने 41 और अभिषेक नाथ ने 31 रन का योगदान दिया। जगन्नाथपुर की ओर से युवराज कुमार ने दो विकेट लिए।

मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता मनोहरपुर लायंस को ट्रॉफी और 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उपविजेता जगन्नाथपुर टाइगर्स को ट्रॉफी और पांच लाख रुपये का चेक दिया।

फाइनल के मैन ऑफ द मैच पंकज कुमार रहे। उन्हें उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने पुरस्कार दिया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मनोहरपुर लायंस के सुप्रियो चक्रवर्ती को मिला। उन्हें उपायुक्त मनीष कुमार ने स्कूटी की चाबी प्रदान की। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चाईबासा चैलेंजर्स के सचिन दूबे और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मनोहरपुर लायंस के तन्मय तंतुबाई चुने गए। दोनों को सहायक समाहर्ता इरा जोरवाल ने सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!