Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला 13 वर्षीय पवन नदी में बहा, तलाश जारी

चाईबासा: प्रकाश गुप्ता:सिंहभूम जिले के गुवा स्थित फैब्रिकेशन बस्ती निवासी 13 वर्षीय पवन पान रविवार शाम नदी में बह गया। पवन गुवा डीएवी स्कूल का सातवीं कक्षा का छात्र है। घटना के बाद से परिजन, ग्रामीण और प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। सोमवार को भी नदी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक पवन का कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे पवन घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर बैग लेकर निकला था। घर से निकलने के बाद उसने अपना बैग एक दोस्त के घर रख दिया। इसके बाद वह दो दोस्तों के साथ नदी की ओर खेलने चला गया। इसी दौरान नदी के पास खेलते समय पवन अचानक नदी में बह गया।

घटना के बाद उसके दोनों दोस्त बस्ती पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण नदी की ओर पहुंचे और अपने स्तर से पवन की तलाश शुरू कर दी। बाद में घटना की सूचना प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रविवार से ही खोजबीन शुरू कर दी। नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर देर रात तक तलाश की गई, लेकिन पवन का कोई पता नहीं चल पाया।

सोमवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों, परिजनों और प्रशासन की टीम ने बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। नदी के विभिन्न हिस्सों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पवन की तलाश की गई। स्थानीय ग्रामीण भी परिजनों के साथ लगातार खोज अभियान में सहयोग करते रहे।

पवन के नदी में बहने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार उसकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए है। वहीं घटना के बाद फैब्रिकेशन बस्ती में भी चिंता का माहौल है।

प्रशासन की ओर से नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन जारी है। सोमवार देर शाम तक पवन का पता नहीं चल पाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!