मनोहरपुर में चोरी हुई पिकअप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में चोरी हुई पिकअप वाहन के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पिकअप वाहन संख्या OD14V-8939 को कांड्रा टोल ब्रिज के पास से बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को सुंदरगढ़, ओडिशा निवासी दशरथ किसन ने मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि लाइनपार स्थित दुर्गा पंडाल के पास से उनकी पिकअप वाहन चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर मनोहरपुर थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मनोहरपुर बस स्टैंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सिंह (45 वर्ष), निवासी आरा, बिहार, वर्तमान पता झारसुगुड़ा, ओडिशा और प्रशांत कुमार नायक, निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर चोरी की पिकअप कांड्रा टोल ब्रिज के समीप से बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विनोद सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ ओडिशा के तलसारा थाना में भी मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका तथा अन्य संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में मनोहरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी अमील एक्का, एसआई अजय प्रसाद, एसआई नवकिशोर कुड़ादा समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




