चांडिल के एसएस+2 हाई स्कूल में मुख स्वास्थ्य जांच शिविर, 120 छात्रों की हुई स्क्रीनिंग

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के एसएस+2 हाई स्कूल, चांडिल में गुरुवार को राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत मुख स्वास्थ्य जांच, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में 120 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग कर उन्हें दांतों की देखभाल, संतुलित आहार और मुख रोगों से बचाव की जानकारी दी गई।

दंत चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि समझाई और तंबाकू व गुटखा सेवन के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वरीय दंत चिकित्सक डॉ. रीना सिंह ने कहा कि “गुटखा खाने में भले ही मज़ा लगे, लेकिन हर थूक में ज़हर होता है।” उन्होंने कहा कि तंबाकू मुख कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है और इससे दूरी बनाना ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव से बचाव, सकारात्मक सोच और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व की भी जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने तंबाकू मुक्त जीवन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। स्वास्थ्य विभाग ने समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।




