*गुआ जगन्नाथ मंदिर परिसर में दिखा कोटरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुआ स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में बुधवार सुबह एक कोटरा के पहुंचने से लोगों में कौतूहल मच गया। निर्माणाधीन शिव मंदिर के आसपास कोटरा को घूमते देख मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडा ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही गुआ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले कोटरा छलांग लगाकर मंदिर के सामने स्थित एक नाले में फंस गया था। वन विभाग के कर्मियों ने सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद कोटरा को सुरक्षित नाले से बाहर निकाला गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम कोटरा को सुरक्षित जंगल में ले गई और उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। वन्यजीव के रेस्क्यू के दौरान मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। लोग काफी देर तक कोटरा को देखने के लिए मौके पर मौजूद रहे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में कोटरा के पहुंचने को लेकर इसे विशेष घटना बताया। वहीं, लोगों का कहना था कि यदि कोटरा लोगों की भीड़ या आवारा कुत्तों के बीच पहुंच जाता तो उसके लिए खतरा पैदा हो सकता था।
वन विभाग की तत्परता से कोटरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।




