कोल्हान

*जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस फाइनल में, कल होगी खिताबी भिड़ंत* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के सेमीफाइनल मुकाबलों में जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को दोपहर साढ़े 12 बजे चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेला जाएगा।

पहले सेमीफाइनल में जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को दो विकेट से हराया। टॉस जीतकर जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा। कोल्हान किंग की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। सन्नी मिश्रा ने 37 और राम रौशन शरण ने 29 रन बनाए। जगन्नाथपुर की ओर से डेविड सागर मुंडा ने 25 रन देकर चार विकेट लिए। विकास सिंह और ए. पवन कुमार को दो-दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जगन्नाथपुर टाइगर्स ने 19.4 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन बनाकर मैच जीत लिया। कुलदीप मंडल ने 61, अतुल सिंह सुरवर ने 51 और युवराज कुमार ने नौ गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए। कोल्हान किंग के विकास यादव ने चार और हृतिक अनंत ने तीन विकेट लिए। युवराज कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने दिया।

दूसरे सेमीफाइनल में मनोहरपुर लायंस ने चाईबासा चैलेंजर्स को दो विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा चैलेंजर्स ने छह विकेट पर 210 रन बनाए। सचिन दूबे ने 65, सुमित कुमार ने 51 और अरविंद कुमार ने 37 रन बनाए। मनोहरपुर की ओर से मयंक पॉल ने तीन और तन्मय तंतुबाई ने एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस ने शुरुआती झटकों के बाद 19वें ओवर में आठ विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। सुप्रियो चक्रवर्ती ने 39 गेंदों में नौ चौके और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाए। चंदन मुखी ने 35 और विजय रोहित ने नाबाद 23 रन बनाए। चाईबासा की ओर से सचिन भाटी ने तीन और सचिन दूबे ने दो विकेट लिए। सुप्रियो चक्रवर्ती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें झारखंड रणजी टीम के बॉलिंग कोच सह पूर्व रणजी खिलाड़ी यजूवेंद्र कृष्णात्री ने पुरस्कार दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!