Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*गीतिलपी में टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गीतिलपी गांव में मंगलवार शाम करीब पांच बजे टैंकर और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान तुंगलुई, कैलेंडे निवासी बजाय सावैयां के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय मुकमुनी बोबोंगा के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी हैं। परिजनों के अनुसार मुकमुनी करीब तीन माह की गर्भवती है।

जानकारी के अनुसार, बजाय सावैयां अपनी पत्नी मुकमुनी बोबोंगा के साथ बाइक से नया सिम कार्ड लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गीतिलपी गांव के समीप उनकी बाइक की टक्कर टैंकर से हो गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बजाय सावैयां को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मुकमुनी बोबोंगा का इलाज शुरू किया गया। बताया गया कि दुर्घटना के बाद मुकमुनी बेहोश थी और घटना के संबंध में जानकारी देने की स्थिति में नहीं थी।

घटना के दौरान गीतिलपी के दो छात्रों दिव्य सत्कर्मकार और सरस्वती बिरुआ ने घायलों की मदद की। दोनों ने बताया कि वे अपने घर में थे। अचानक तेज आवाज सुनाई देने पर बाहर निकले तो सड़क पर दो लोगों को घायल अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से टोटो की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

इधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर और उसके चालक को पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

हादसे में पति की मौत और पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से परिवार में मातम छा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!