JPSC-JSSC धांधली की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

जमशेदपुर: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से मंगलवार को साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष घेराव-सह-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी शामिल हुए और कार्यकर्ताओं एवं छात्रों को संबोधित किया।

मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है। सरकार को मामले की CBI जांच कराकर पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। सरकार को छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने सरकार से JPSC-JSSC परीक्षाओं की कथित धांधली की CBI जांच कराने और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक भाजपा का संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों के हित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।




