कोल्हान

चांडिल में 108 पूजा पंडाल, 10 जगहों पर होगा रावण दहन

चांडिल। दुर्गापूजा को लेकर सोमवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधि और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशासन के अनुसार चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में कुल 108 पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जिनमें 39 लाइसेंसी और 69 गैर-लाइसेंसी पंडाल शामिल हैं। वहीं, 10 स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा।

एसडीओ ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, बालू की बाल्टियां और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त कराने, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा। बैठक निर्धारित समय से आधे घंटे विलंब से शुरू होने पर एसडीओ ने नाराजगी जताई।

समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो ने कई विभागीय पदाधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर सवाल उठाए। वहीं, अरुण बागड़िया ने चांडिल बाजार के व्यस्त इलाकों में बिजली के खंभों से करंट आने की समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए खंभों को जल्द स्थानांतरित कराने की मांग की।

एसडीओ ने चांडिल बाजार मुख्य चौक, डैम रोड और मेन रोड के दोनों छोर पर दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिया। पुलिस को अवैध शराब, जुआ, मुर्गा लड़ाई और सट्टेबाजी पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया।

पूजा समितियों ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग रखी। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!