*लक्ष्मी पूजा देखने आई दो वर्षीय बच्ची का शव नरसंडा नाला से बरामद, मामा हिरासत में*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में लापता दो वर्षीय बच्ची मिस्टी रानी महता का शव नरसंडा नाला से बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची के मामा समीर पान को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद होने के बाद पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता खिरोध महता ने बताया कि उनकी पत्नी कस्तूरी दास 25 अक्टूबर को अपनी दो वर्षीय बेटी मिस्टी रानी के साथ लक्ष्मी पूजा देखने नरसंडा स्थित अपने मायके आई थीं। इसी दौरान 11 नवंबर को बच्ची का मामा समीर पान उसे दुकान ले जाने के बहाने अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद बच्ची घर वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर बच्ची के मामा समीर पान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर नरसंडा नाला से बच्ची का शव बरामद किया गया।
दो वर्षीय बच्ची का शव मिलने की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस बच्ची को परिजन कई दिनों से तलाश कर रहे थे, उसकी मौत की खबर से परिवार के लोग सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए समीर पान से पूछताछ कर रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।




