Jamshedpur : करनडीह–परसुडीह मार्ग पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, समाधान की मांग तेज
दुकुटोला के पास सड़क पर भरे गंदे पानी से राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही कठिनाई

जमशेदपुर : करनडीह से परसुडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर रेल क्रॉसिंग के सामने दुकुटोला क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर गंदे पानी का भारी जलजमाव हो गया है। लगातार जमा पानी से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई हिस्सों में सड़क पूरी तरह पानी से ढकी हुई है, जिससे लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इसे भी पढ़ें : Rajnagar : चक्रवाती बारिश से जलमग्न हुआ भीमखांदा का प्राचीन बुढ़ा बाबा शिव मंदिर
JJKM ने उपायुक्त से हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान कराने की मांग की
इस समस्या को लेकर झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा (JJKM) के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा है कि संबंधित विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। बीरसिंह देवगम ने प्रशासन से आग्रह किया है कि अस्थायी उपायों के साथ-साथ जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।




