कोल्हान

आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी पर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में युवक शेखर की मौत, तीन घायल

सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शेखर आदित्यपुर में शंभू सिंह के पूजा पंडाल में काम कर रहा था। इसी दौरान वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस घटना में शेखर समेत चार लोग घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शेखर की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और चाकूबाजी के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!