*खरना के साथ छठ महापर्व का दूसरा दिन, 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत*

चाईबासा: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को खरना के साथ दूसरे दिन में प्रवेश कर गया। खरना को लेकर सुबह से ही छठ व्रतियों के घरों में पूजा और प्रसाद तैयार करने की विशेष तैयारी होती रही। व्रतियों ने पूरे नियम, संयम, स्वच्छता और श्रद्धा के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया। शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।
खरना छठ पूजा का विशेष महत्व रखने वाला दिन है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद पूजा करते हैं। खरना के प्रसाद में मुख्य रूप से गुड़ की खीर, रोटी और फल तैयार किए जाते हैं। प्रसाद बनाने में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूजा के बाद व्रती सबसे पहले प्रसाद ग्रहण करते हैं, फिर परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद बांटा जाता है।
महादेव कॉलोनी चाईबासा निवासी छठ व्रती सोमा देवी ने बताया कि खरना छठ महापर्व का बहुत महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दिन भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा पूरे मन से की जाती है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती बिना अन्न और जल ग्रहण किए भगवान सूर्य की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शुद्धता, अनुशासन, त्याग और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का पर्व है। इस पूजा में परिवार के सभी सदस्य मिलकर सहयोग करते हैं।
खरना के साथ ही शहर के विभिन्न मोहल्लों में छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं। घरों में पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे, जबकि रविवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।




