विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी सुरक्षा परिषद की अनोखी पहल, महाभोग वितरण कर सैकड़ों लोगों के बीच बांटी खुशियां

राजनगर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी सुरक्षा परिषद ने सेवा और सामाजिक एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए महाभोग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। वीर शहीद सिदो-कान्हू चौक के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों के बीच श्रद्धापूर्वक पूड़ी और खीर का महाभोग वितरित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व आदिवासी सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष रमेश हांसदा ने किया। महाभोग प्राप्त करने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं लोगों के बीच भोजन परोसा और विश्व आदिवासी दिवस को सेवा, भाईचारे तथा सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ मनाया।
कार्यक्रम में आदिवासी सुरक्षा परिषद के महासचिव जयपाल मुर्मू, पूर्व विधायक अनंत राम टुडू, डॉ. साकरो मुर्मू, ठाकुरा मुर्मू, सिविल देवगम, मेघराय मार्डी, लालमोहन हांसदा, धनु टुडू समेत परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का दिन भी है। इसी भावना के साथ दूर-दराज से आए लोगों और जरूरतमंदों के बीच महाभोग का वितरण कर सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया गया।
महाभोग वितरण के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने आदिवासी सुरक्षा परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता के साथ विश्व आदिवासी दिवस मनाने की यह पहल समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है।




