Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

चाईबासा में ‘Women on Wheel’ परियोजना शुरू, महिलाओं को मिलेगा निःशुल्क टोटो ड्राइविंग प्रशिक्षण

चाईबासा। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा ने रविवार को ‘Women on Wheel’ परियोजना की शुरुआत की। इस परियोजना के तहत जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क टोटो (ई-रिक्शा) ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

परियोजना का शुभारंभ विकास भवन, प्रधान डाकघर, चाईबासा से किया गया। इस अवसर पर सात टोटो पर परियोजना के बैनर लगाए गए और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शहरवासियों को भी महिला सशक्तिकरण की इस पहल की जानकारी दी गई।

रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरियन अमित पोद्दार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को टोटो चलाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, ग्राहक व्यवहार, डिजिटल भुगतान, वाहन की सामान्य देखरेख और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है।

परियोजना की जिला चेयरमैन रोटेरियन डॉ. वीणा मूंधड़ा और क्लब चेयरमैन रोटेरियन अंजू राठौड़ हैं। डॉ. वीणा मूंधड़ा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल आर्थिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता पैदा करना भी है। ‘Women on Wheel’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।

वहीं, अंजू राठौड़ ने कहा कि परियोजना महिलाओं को नया कौशल सीखने और सम्मानजनक स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने जिले की अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

प्रशिक्षण के लिए इच्छुक महिलाएं 9572818161 और 9934510364 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकती हैं। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन सौरभ प्रसाद सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब की इस पहल से महिलाओं को न केवल ड्राइविंग का कौशल मिलेगा, बल्कि स्वरोजगार के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत बनने का रास्ता भी खुल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!